Udayprabhat
uttrakhand

भाजपा नेता के बेटे ने की आत्महत्या, पुलिस पर लगा पिटाई का आरोप

कोटाबाग (नैनीताल): भाजपा नेता विशन नगरकोटी के 31 वर्षीय पुत्र कमल नगरकोटी ने शुक्रवार को कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि यह कदम उसने स्थानीय पुलिस चौकी के एक सिपाही द्वारा चेकिंग के दौरान कथित रूप से थप्पड़ मारने और अभद्रता किए जाने के बाद उठाया।

कमल नगरकोटी सयात गांव निवासी थे और पिता के साथ ठेकेदारी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर कमल बाइक से जा रहे थे, तभी पुलिस चेकिंग के दौरान चौकी के एक सिपाही ने उन्हें रोका और कथित रूप से मारपीट की। इस घटना से आहत होकर कमल ने कोटाबाग बाजार में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों को इसकी जानकारी खुद कमल ने फोन कर दी थी।

गंभीर हालत में उन्हें पहले बेस अस्पताल और फिर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रात करीब 10 बजे रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। कमल की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी और उनका बड़ा भाई सेना में कार्यरत है।  कमल के पिता विशन नगरकोटी भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य हैं और पूर्व में मंडल महामंत्री व बीडीसी सदस्य भी रह चुके हैं। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, कालाढूंगी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने पुलिस पिटाई के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक नशे की लत से ग्रसित था और प्रथम दृष्टया मारपीट की कोई पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment