नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में आयोजित क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली सहित उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग चर्च में उपस्थित रहे।

प्रार्थना सभा के दौरान चर्च में प्रार्थनाएं, क्रिसमस कैरोल्स और भजन गाए गए। दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की। पूरा वातावरण उत्साह, श्रद्धा और सौहार्द से भरा रहा।
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा,
“दिल्ली में कैथेड्रल चर्च ऑफ़ द रिडेम्प्शन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल हुआ। यह सेवा प्रेम, शांति और करुणा के शाश्वत संदेश को दर्शाती है। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सौहार्द को प्रेरित करे।

प्रधानमंत्री ने प्रार्थना सभा की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा,
“क्रिसमस नई आशा, प्रेम और दयालुता का संदेश लेकर आता है। कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन में हुई प्रार्थना सभा के कुछ खास पल साझा कर रहा हूँ।”
पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेते रहे हैं। ईस्टर 2023 के अवसर पर उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया था। वहीं क्रिसमस 2023 पर प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर ईसाई समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया था।

2024 में, प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर आयोजित क्रिसमस डिनर में भाग लिया और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया (CBCI) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
गौरतलब है कि क्रिसमस प्रभु यीशु मसीह के जन्म का पर्व है, जिसे दुनिया भर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। भारत में भी विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग इस पर्व को आपसी भाईचारे और एकता के प्रतीक के रूप में मिल-जुलकर मनाते हैं।

