Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानिए?

वायरल ऑडियो-वीडियो के बाद उत्तराखंड की राजनीति में उबाल

हरिद्वार: अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वायरल सामग्री में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और स्वयं को उनकी पत्नी बताने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। इस मामले में भाजपा से जुड़े एक बड़े नेता का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इधर, हरिद्वार के बहादराबाद थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार निवासी अत्मलपुर बोगला की ओर से दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दोनों द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठे और मिथ्या बयान व वीडियो प्रसारित किए गए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

शिकायत में कहा गया है कि इस कथित कृत्य से रविदासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य का माहौल बना है। साथ ही आरोप लगाया गया कि यह सब पुरानी रंजिश के चलते एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अंकुर शर्मा, बहादराबाद थाना प्रभारी

हालांकि बीते मंगलवार की शाम सुरेश राठौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक्ट्रेस उर्मिला सनावर को अपनी पत्नी मानने से इनकार किया था. आरोप लगाया कि उर्मिला एआई जेनरेटेड ऑडियो वीडियो बनाकर उनके खिलाफ साजिश रच रही है. षडयंत्र रचकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है. इतना ही नहीं इसके पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाकर उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी. लेकिन शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में उर्मिला को सुरेश राठौर की पत्नी बताया है.

महेंद्र भट्ट पर भी उर्मिला ने लगाए आरोप: बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी गंभीर आरोप लगाए. उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर किए पोस्ट में लिखा कि-

महेंद्र भट्ट जी आप ही बोल रहे हैं मैं किस तरह की महिला हूं. मैं कांग्रेसी हूं, जबकि मैं तो आपसे कई बार मिल चुकी हूं. आप ही ने मुझे सुरक्षित सीट ज्वालापुर के लिए बोला था, लड़ने के लिए तैयारी करो. तुम इतनी पढ़ी लिखी हो. आपकी बहुत सारे फोटो है मेरे साथ. सोशल मीडिया पर तो आपके चरित्र के बखान की ऑडियो भी आज रात को वायरल करूं क्या? महेंद्र भट्ट जी जैसे आप मेरा चरित्र बता रहे हैं. थोड़ा चरित्र आपके बारे में बताना तो मेरा भी बनता है. ऑडियो भी डालें क्या आज रात?

 

Leave a Comment