तिब्बती मार्केट के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, शहर में दहशत का माहौल
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार शहर के व्यस्त तिब्बती मार्केट क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित ‘अमर दीप’ भारत गैस एजेंसी के संचालक बताए जा रहे हैं और आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अर्जुन शर्मा रोज की तरह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने गए थे। खेल समाप्त कर वे घर लौट रहे थे, तभी तिब्बती मार्केट के सामने दो अज्ञात युवक पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही अर्जुन शर्मा सड़क किनारे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से दून अस्पताल भिजवाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून समेत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी है। सभी प्रमुख चौराहों और चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया
