मुंबई: दक्षिण भारतीय सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी की मेगा फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान खड़ा किया है कि बॉलीवुड से लेकर साउथ की कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड हिल चुके हैं। रिलीज के 13 दिन बाद भी फिल्म का कलेक्शन धीमा पड़ने का नाम नहीं ले रहा। यह फिल्म 2025 की अब तक की दूसरी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है, और अब इसका अगला निशाना है विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘छावा’ का रिकॉर्ड, जिसे यह दिवाली से पहले ही पार कर सकती है।
ओपनिंग में ही मचा दिया था हंगामा
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, कांतारा: चैप्टर 1 ने भारत में 61.85 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 45.4 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 55 करोड़ रुपये और चौथे दिन रविवार को 63 करोड़ रुपये की कमाई की। सिर्फ पहले वीकेंड में ही फिल्म ने 225.62 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया, जो इस साल की किसी भी फिल्म के लिए रिकॉर्ड ओपनिंग में शामिल है।
दिन-ब-दिन बढ़ती कमाई, 13 दिन में ₹465.25 करोड़ घरेलू कलेक्शन
पांचवें दिन 31.25 करोड़ रुपये, छठे दिन 33.5 करोड़ रुपये (6.35% की वृद्धि), सातवें दिन 25.25 करोड़ रुपये, आठवें दिन 21.15 करोड़ रुपये और नौवें दिन 23.35 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई। इसके बाद 10वें और 11वें दिन फिल्म ने क्रमशः 39 करोड़ और 39.75 करोड़ रुपये कमाए। 12वें दिन 13.35 करोड़ और 13वें दिन 13.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 465.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म ने हिंदी और कन्नड़ — दोनों भाषाओं में 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 700 करोड़ के करीब
कांतारा: चैप्टर 1 ने 13 दिनों में वर्ल्डवाइड लगभग 700 करोड़ रुपये का कलेक्शन छू लिया है। इसने पहले ही साल 2025 में रिलीज हुई कई बड़ी फिल्मों — सैयारा, कूली, वॉर 2, द कॉल हिम ओजी, महावतार नरसिम्हा, लोका चैप्टर 1, एल 2- एम्पुरान और सितारे जमीन पर — के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
18वीं भारतीय फिल्म जिसने 600 करोड़ का आंकड़ा पार किया
यह फिल्म वर्ल्डवाइड 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली 18वीं भारतीय फिल्म बन गई है। इस लिस्ट में गदर 2, 2.0, पीके, छावा, सीक्रेट सुपरस्टार, स्त्री 2, बजरंगी भाईजान, एनिमल, कल्कि 2898 एडी, पठान, जवान, केजीएफ चैप्टर 2, आरआरआर, पुष्पा 2: द रूल, बाहुबली 2: द कनक्लूजन और दंगल जैसी दिग्गज फिल्में शामिल हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगले हफ्ते तक कांतारा: चैप्टर 1 गदर 2, पीके, 2.0 और छावा जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।
फिल्म की कहानी और निर्माण
कांतारा: चैप्टर 1 साल 2022 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म कांतारा का प्रीक्वल है। पहली फिल्म महज़ 16 करोड़ रुपये में बनी थी और उसने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस बार फिल्म का बजट 125 करोड़ रुपये रखा गया, जिसे इसने सिर्फ एक हफ्ते में ही 4 गुना वसूल कर लिया। फिल्म की कहानी हजारों साल पहले की है, जहां कुछ ज़मींदार ग्रामीणों की ज़मीन पर कब्जा करना चाहते हैं, लेकिन गांववाले अपनी मिट्टी छोड़ने को तैयार नहीं। इसी संघर्ष में ‘कांतारा’ नाम की दैवीय शक्ति की एंट्री होती है, जो फिल्म की आत्मा बन जाती है।
छावा को टक्कर, दिवाली पर नया रिकॉर्ड पक्का
ट्रेड पंडितों का कहना है कि कांतारा: चैप्टर 1 दिवाली तक आसानी से ‘छावा’ को पछाड़ कर 2025 की नंबर वन फिल्म बन सकती है। फिल्म का कलेक्शन ग्राफ अभी भी स्थिर है और दर्शकों में इसके लिए जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। हिंदी बेल्ट में भी फिल्म की कमाई उम्मीद से कहीं ज़्यादा हो रही है।
