मुंबई: बॉलीवुड की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी मस्ती का चौथा पार्ट ‘मस्ती 4’ अब रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म का ट्रेलर 4 नवंबर को जारी किया गया, जिसने आते ही दर्शकों के बीच हलचल मचा दी है। इस बार विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदसानी की तिकड़ी के साथ अरशद वारसी और तुषार कपूर की एंट्री ने कॉमेडी का तड़का और तेज कर दिया है।
एडल्ट कॉमेडी से भरपूर ट्रेलर
फिल्म का ट्रेलर पूरी तरह एडल्ट कॉमेडी पर आधारित है, जिसमें डबल मीनिंग डायलॉग्स और बोल्ड ह्यूमर की भरमार है। रितेश, विवेक और आफताब अपने पुराने मस्ती भरे अंदाज में लौटे हैं, वहीं तुषार कपूर गोलमाल वाले अपने गूंगे किरदार की झलक देते नजर आ रहे हैं। अरशद वारसी की टाइमिंग और कॉमिक एक्सप्रेशन दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने का वादा करते हैं।
फिल्म की घोषणा और निर्माण
मस्ती 4 का एलान 29 फरवरी 2024 को किया गया था। इस फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया है, जो हाल ही में एक दीवाने की दीवानियत जैसी हिट फिल्म दे चुके हैं। फिल्म का निर्माण इंद्रा कुमार और अशोक ठकेरिया ने ए. झुनझुनवाला और एस.के. अहलुवालिया के साथ मिलकर किया है।
कब होगी रिलीज?
मस्ती सीरीज की शुरुआत 2004 में हुई थी, जब पहला पार्ट मस्ती रिलीज हुआ था। इसके बाद ग्रैंड मस्ती (2013) और ग्रेट ग्रैंड मस्ती (2016) ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता हासिल की। अब चौथा पार्ट ‘मस्ती 4’ इस साल 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रहा है।
