Udayprabhat
Entertainment

‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट का एलान, अजय देवगन बोले-“इस दुनिया में हर किसी का सच अलग है.. मेरा सच, मेरी फैमिली है”

अजय देवगन की दृश्यम 3 का ऐलान, 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में मचेगा सस्पेंस का तूफान

मुंबई: अजय देवगन के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। आइकॉनिक थ्रिलर फ्रेंचाइजी दृश्यम अपने आखिरी चैप्टर के साथ लौटने को तैयार है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर दृश्यम 3 की रिलीज डेट का एलान कर दिया है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026, यानी गांधी जयंती के खास मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

दृश्यम (2015) और दृश्यम 2 (2022) की जबरदस्त सफलता के बाद दर्शकों को जिस तीसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार था, उसकी पहली झलक अब सामने आ चुकी है। मेकर्स द्वारा जारी अनाउंसमेंट वीडियो में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में दमदार वॉयसओवर के साथ नजर आते हैं। उनका डायलॉग — “इस दुनिया में हर किसी का सच अलग है… मेरा सच, मेरी फैमिली है” — फैंस के रोंगटे खड़े कर रहा है।

टीजर में पिछली दोनों फिल्मों के अहम सीन और कुछ नए विजुअल्स दिखाए गए हैं, जो इशारा करते हैं कि कहानी एक बार फिर सस्पेंस, इमोशन और चौंकाने वाले ट्विस्ट से भरी होगी। इस बार विजय सालगांवकर और आईजी मीरा देशमुख (तब्बू) के बीच आखिरी और सबसे खतरनाक टकराव देखने को मिलेगा।

स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत दृश्यम 3 का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म की कहानी अभिषेक पाठक, आमिर कीयान खान और परवेज शेख ने मिलकर लिखी है। अजय देवगन और तब्बू के साथ श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, कमलेश सावंत और रजत कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Comment