Udayprabhat
Entertainmentदेश

करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ की शूटिंग पूरी, 2026 में मेघना गुलजार फिर मचाएंगी सिनेमा में हलचल

मुंबई: मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इस फिल्म में पहली बार करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन एक साथ नजर आएंगे। जंगल्ली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह फिल्म अब पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच चुकी है और साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।
‘दायरा’ सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं, बल्कि समाज के भीतर छिपे उस अंधेरे को सामने लाने की कोशिश है, जहां एक गलत कदम पूरे सिस्टम को हिला देता है। फिल्म दर्शकों को आसान जवाब नहीं देती, बल्कि ऐसे सवाल छोड़ जाती है जो लंबे समय तक सोचने पर मजबूर करते हैं।

मेघना गुलजार अपनी संवेदनशील लेकिन सशक्त कहानी कहने की शैली के लिए जानी जाती हैं और ‘दायरा’ में भी उनका वही असर देखने को मिलेगा। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की दमदार और लेयर्ड परफॉर्मेंस के साथ एक मजबूत एंसेंबल कास्ट फिल्म को और भी प्रभावशाली बनाती है।

‘तलवार’ और ‘राज़ी’ के बाद यह मेघना गुलज़ार और जंगल्ली पिक्चर्स का तीसरा सहयोग है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही काफी ऊंची हैं। खास बात यह है कि करीना कपूर साल 2025 में किसी फिल्म में नजर नहीं आईं, और अब वह 2026 में इस दमदार प्रोजेक्ट के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी।

फिल्म की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन मेकर्स जल्द ही इसका ऐलान कर सकते हैं। बतौर निर्देशक मेघना गुलज़ार की यह आठवीं फिल्म होगी, और ‘सैम बहादुर’ के बाद करीब तीन साल के अंतराल पर वह ‘दायरा’ के जरिए दर्शकों से मिलने आ रही हैं।

Leave a Comment