चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद का दौरा किया और पीपलकोटी में आयोजित 24वें बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेले–2025 में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बंड मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ-साथ लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सभी स्मृति-चिन्ह और भेंट अब स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की और स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, किसानों व मेले से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल, वोकल फॉर लोकल और मेड इन इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। केदारनाथ और बदरी विशाल में मास्टर प्लान के तहत कार्य प्रगति पर हैं, वहीं रोपवे और रेल परियोजनाओं से पर्यटन व अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन और होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में 800 से अधिक होमस्टे संचालित हो रहे हैं और उत्तराखंड तेजी से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। देवभूमि की विरासत और संस्कृति की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेमलडाला खेल मैदान के विस्तारीकरण, नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास, ग्वालदम–तपोवन लॉर्ड कर्जन मार्ग का नाम बदलकर नंदा–सुनंदा मार्ग रखने, राजराजेश्वरी मंदिर कुरुड़ के सौंदर्यीकरण और अनसूया देवी मंदिर मंडल में यात्री विश्राम गृह निर्माण की घोषणा की।
