Udayprabhat
Entertainment

Virosh Wedding: शादी के बाद एयरपोर्ट पर पहली बार मीडिया के सामने आए रश्मिका और विजय देवरकोंडा

उदयपुर: अरावली की वादियों में संपन्न हुई शाही शादी के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित नवविवाहित जोड़े रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से साथ नजर आए। दोनों को महाराणा प्रताप एयरपोर्ट (डबोक) पर देखा गया, जहां प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर पहुंचते ही फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। नवदंपति ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर अभिवादन किया और फ्लाइंग किस के जरिए अपना आभार जताया। शादी के बाद उनकी यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी, जिसे देखने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह नजर आया।

इस मौके पर रश्मिका लाल रंग के खूबसूरत पारंपरिक सूट में बेहद आकर्षक दिखीं, वहीं विजय हल्के पिस्ता रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए। दोनों का सादा लेकिन शालीन अंदाज फैंस को खूब भाया। एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों ने उनके साथ तस्वीरें लेने की कोशिश की और शुभकामनाएं दीं।

शाही अंदाज में संपन्न हुआ विवाह

गुरुवार को अरावली की वादियों के बीच वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों परिणय सूत्र में बंधे। दक्षिण भारत से विशेष रूप से आमंत्रित आचार्यों ने मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराईं। पारंपरिक शहनाई की मधुर धुनों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया।

विवाह के दौरान रश्मिका ने सिंदूरी रंग की सुनहरी बॉर्डर वाली साड़ी धारण कर दक्षिण भारतीय दुल्हन का पारंपरिक रूप अपनाया। माथे की स्वर्ण पट्टी और भारी आभूषणों ने उनके लुक को और निखारा। मंगलसूत्र की रस्म के समय उनकी आंखों में झलकती खुशी ने माहौल को भावुक बना दिया। वहीं विजय ने पारंपरिक धोती और कंधे पर लाल दुपट्टा ओढ़कर अपनी संस्कृति की झलक पेश की।

शादी समारोह में शामिल हुए मेहमानों के लौटने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। तेलुगु सिनेमा की अभिनेत्री ईशा रेब्बा भी डबोक एयरपोर्ट पर नजर आईं। उन्होंने क्लासी और आरामदायक ट्रैवल आउटफिट में मीडिया का अभिवादन किया।

Leave a Comment