Udayprabhat
Uncategorized

अल्मोड़ा विधानसभा में भाजपा की कमेटी बैठक, शक्ति केंद्रों तक संगठन मजबूत करने पर जोर

अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत सोमवार को अल्मोड़ा विधानसभा की कोर कमेटी की बैठक पार्टी कार्यालय पातालदेवी में आयोजित की गई।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजना और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों, पूर्व जिला अध्यक्षों, पूर्व विधायकों और अनुभवी कार्यकर्ताओं को विभिन्न शक्ति केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें नियमित प्रवास कर संगठन को मजबूत करने का दायित्व दिया गया। बैठक में “मन की बात” सहित अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी जोर दिया गया।

जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देश पर हर विधानसभा में दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 15-16 जून को अल्मोड़ा विधानसभा में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन ग्रामीण मंडल के ग्राम वल्टा में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जैविक खेती पर किसानों से संवाद और विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम समन्वयक एवं दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और शक्ति केंद्र स्तर तक सक्रिय सहभागिता ही सफलता का आधार है। बैठक के बाद लक्ष्मेश्वर शक्ति केंद्र में भी बैठक हुई तथा मंडल अध्यक्षों के साथ टिफिन बैठक का आयोजन किया गया।

Leave a Comment