उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित, सुगम एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा लगातार जन-जागरूकता एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संचालित किया जा रहा है।
सोमवार को प्रभारी यातायात निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं एआरटीओ की संयुक्त टीम ने वाहन चालकों और तीर्थयात्रियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने तथा पहाड़ी एवं संकरे मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साथ ही यात्रियों को मौसम की जानकारी लेते रहने, भारी बारिश और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
