Udayprabhat
Uncategorizeduttrakhand

गणेशपुर में 30 बीघा की अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर

देहरादून: मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान गणेशपुर, शिमला बाईपास रोड क्षेत्र में करीब 20 से 30 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित किए जा रहे प्लॉटों और रास्तों को चिन्हित किया। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से प्लॉटों की सीमांकन दीवारें, कच्चे रास्ते और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की बाधा न हो।

प्राधिकरण को मिली शिकायतों और जांच में यह सामने आया कि कुछ लोगों द्वारा बिना प्राधिकरण की अनुमति के भूमि को छोटे-छोटे प्लॉटों में विभाजित कर बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस पूरी प्लॉटिंग के लिए न तो लेआउट स्वीकृत कराया गया था और न ही किसी प्रकार की आवश्यक अनुमति ली गई थी।

एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार देहरादून में तेजी से हो रहे विस्तार के बीच कई जगहों पर अवैध कॉलोनियां विकसित करने के प्रयास सामने आ रहे हैं, जिससे शहर के सुनियोजित विकास पर असर पड़ता है और भविष्य में वहां रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार की कॉलोनी या प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि गणेशपुर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें।

Leave a Comment