Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग का खुलासा, युवक गिरफ्तार

ऋषिकेश: ऋषिकेश में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान घरेलू गैस सिलिंडरों से अवैध तरीके से गैस निकालकर दूसरे सिलिंडरों में भरी जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर देहरादून जिले के अंतर्गत ऋषिकेश में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैस एजेंसियों तथा होटल-रेस्टोरेंटों में जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान खदरी खड़क माफ क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन में मौजूद युवक अमन चौहान को घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल किया जा रहा अवैध उपकरण भी बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान वाहन से 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलिंडर बरामद किए गए। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूर्ति विभाग की तहरीर पर ऋषिकेश थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने वाहन को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया है, जबकि जब्त किए गए सभी गैस सिलिंडरों को सुरक्षा के मद्देनजर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सर्वर डाउन होने पर ऑफलाइन गैस बुकिंग के निर्देश: एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि-

अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस का उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी. SDM ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सर्वर डाउन होने की स्थिति में भी ऑफलाइन माध्यम से बुकिंग जारी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो.
-योगेश मेहरा, एसडीएम-

Leave a Comment