19 दिन के आंदोलन के बाद शुरू हुए सुरक्षा कार्य, प्रभावित परिवारों को मुआवजे का इंतजार
चमोली: कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में लंबे इंतजार और आंदोलन के बाद आखिरकार सुरक्षा एवं ट्रीटमेंट कार्य शुरू हो गया है। शासन से स्वीकृत 50 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना के तहत सिंचाई विभाग ने विधिवत भूमि पूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया। परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र के ऊपरी और निचले हिस्सों में भू-स्खलन तथा भू-धंसाव रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
पिछले चार-पांच वर्षों से कर्णप्रयाग नगर के सब्जी मंडी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भू-धंसाव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण कई मकान झुक गए हैं तथा अनेक भवनों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। गंभीर स्थिति के चलते लगभग 35 परिवार असुरक्षा और आपदा के साये में जीवन यापन कर रहे हैं।
सुरक्षा कार्यों की शुरुआत से पहले प्रभावित परिवारों ने मुआवजे की मांग को लेकर 5 मई से आंदोलन शुरू किया था। प्रभावितों का कहना था कि सुरक्षा कार्य शुरू करने से पूर्व उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। यह आंदोलन 19 दिनों तक चला। बाद में क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने प्रभावित परिवारों की मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
सिंचाई विभाग के अधिकारी शुभम डोभाल ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से ट्रीटमेंट कार्य किए जाएंगे। प्रथम चरण में सब्जी मंडी परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। इसके बाद कर्णप्रयाग-नैंनीसैंण मोटर मार्ग के प्रभावित हिस्सों में सुरक्षा कार्य शुरू होंगे।
इधर, मुआवजे की मांग को लेकर प्रभावित परिवारों का प्रतिनिधिमंडल विधायक अनिल नौटियाल के नेतृत्व में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। प्रतिनिधिमंडल की सदस्य कमला रतूड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रभावितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मुआवजे के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया है।
प्रभावित परिवारों को उम्मीद है कि सुरक्षा कार्यों के साथ-साथ मुआवजा प्रक्रिया भी जल्द आगे बढ़ेगी, जिससे वर्षों से संकट झेल रहे परिवारों को राहत मिल सकेगी।
