Udayprabhat
uttrakhand

₹5000 का इनामी दुष्कर्म आरोपी सलमान गिरफ्तार, गंगनहर पुलिस ने दबोचा

नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी

रुड़की: कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था, जिसके चलते उस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार द्वारा इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सलमान नामक युवक के खिलाफ उसकी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

घटना के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की लगातार तलाश की गई, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। फरारी के चलते एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया था।

लगातार प्रयासों के बाद 7 जून को गंगनहर पुलिस ने नामजद आरोपी सलमान को थाना परिसर गंगनहर, रुड़की क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment