मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच समन्वय बैठक आयोजित
उत्तरकाशी: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष लोकतंत्र के लिए शुद्ध मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में जानकारी दी गई कि 29 मई से 7 जून तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य होगा, जबकि 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर सर्वे एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य किया जाएगा। 7 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, 14 जुलाई को प्रारूप सूची का प्रकाशन तथा 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गणना चरण में कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक प्रारूप-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं तथा सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण नियम अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से बीएलए एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने और बीएलओ को सहयोग देने की अपील की, ताकि अभियान निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।
