Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड बॉर्डर से 3 किलो अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून/किच्छा: उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से लगभग 3.008 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के पर्यवेक्षण में की गई। एसटीएफ की कुमायूं यूनिट ने थाना किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोनों तस्करों को धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम (45 वर्ष) और शेर मोहम्मद (35 वर्ष), निवासी ग्राम बहीपुरा, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

कैसे हुआ खुलासा

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि यूपी से अफीम की एक बड़ी खेप उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में पहुंचने वाली है। सूचना के बाद एसटीएफ की कुमायूं टीम ने थाना किच्छा पुलिस के साथ मिलकर बॉर्डर क्षेत्र में घेराबंदी की। कुछ ही देर में एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। तलाशी लेने पर उनके पास से 3.008 किलो अफीम बरामद हुई।

कई मुकदमों में वांछित निकला तस्कर

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सलीम पर बरेली के थाना बहेड़ी में ₹40 लाख की डकैती का मुकदमा दर्ज है, साथ ही गैंगस्टर एक्ट व आईपीसी की कई धाराओं में भी उसके खिलाफ मामले चल रहे हैं। सलीम ने पूछताछ में बताया कि वह अपने ऊपर दर्ज मुकदमों की पैरवी करने और जल्दी पैसे कमाने के लिए नशे का कारोबार करता है। दोनों आरोपी अफीम की खेप को किच्छा, रुद्रपुर और सितारगंज में सप्लाई करने वाले थे।

ड्रग नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी एसटीएफ

पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर उत्तराखंड के कई जनपदों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। एसटीएफ ने बताया कि इनसे कई अन्य ड्रग पैडलरों के नाम और नेटवर्क की जानकारी मिली है, जिन पर अब आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment