रुड़की: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ, रुड़की द्वारा गौशाला परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 56 यूनिट रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।” उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री एवं समाजसेवी पूजा गुप्ता ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस प्रकार के शिविर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नए रक्तदाताओं को भी प्रेरित करते हैं।
वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान करने वाले सभी लोग बधाई के पात्र हैं। उनके सहयोग से हजारों लोगों को जीवनदान मिलता है और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की सहायता संभव हो पाती है।
शिविर के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
