रुड़की: ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4.13 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहा था।
मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026’ अभियान के अंतर्गत जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था।
14 जून 2026 को उपनिरीक्षक सुभाष जगमोला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अफजाल पुत्र मंसूर, निवासी रामनगर, कोतवाली गंगनहर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.13 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
