पौड़ी: पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर बैंग्वाड़ी गांव के समीप हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन और स्कूटी की आमने-सामने हुई टक्कर में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बैंग्वाड़ी गांव के पास पिकअप वाहन और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आपातकालीन सेवा को दी।
108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनुपम नेगी (25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अर्जुन सिंह नेगी, निवासी बैंग्वाड़ी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना गांव और परिजनों तक पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जिला अस्पताल पौड़ी के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने युवक की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
