Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

ग्राम प्रधानों का 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन, बैरिकेडिंग फांदकर सचिवालय की ओर बढ़े

देहरादून: देहरादून में गुरुवार को 10 सूत्री मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रधान संगठन उत्तराखंड के बैनर तले प्रदेशभर से पहुंचे ग्राम प्रधान पहले परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के जल्द समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन के बाद ग्राम प्रधान सचिवालय घेराव के लिए आगे बढ़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग फांदकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।

संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश माहरा ने सरकार पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ दोहरा व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनरेगा में श्रमिकों को महंगाई के अनुपात में बेहद कम मजदूरी मिल रही है। वहीं, ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में नेटवर्क की समस्या के कारण भी लगातार परेशानियां सामने आ रही हैं।

प्रधान संगठन ने ग्राम प्रधानों के लिए 20 हजार रुपये मासिक मानदेय, जिला योजना की बैठकों में प्रधानों को नामित करने, प्रधान निधि का गठन, 10 लाख रुपये तक के कार्यों के लिए पंचायतों को कार्यदायी संस्था बनाने और पंचायत राज विभाग के 29 विषय पंचायतों को हस्तांतरित करने समेत 10 सूत्री मांगें सरकार के सामने रखीं।

Leave a Comment