उत्तरकाशी: अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और विश्वसनीय बनाना है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर भ्रमण कार्य शुरू कर दिया गया है और अब तक तीनों विधानसभाओं में लगभग 20 हजार गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
बैठक में बताया गया कि बंद घरों पर बीएलओ द्वारा विजिट स्टिकर लगाए जा रहे हैं, जिसमें विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या, नाम, मोबाइल नंबर और भ्रमण तिथियों का उल्लेख रहेगा। बीएलओ प्रथम, द्वितीय और तृतीय भ्रमण की तिथियाँ भी अंकित करेंगे।
यह भी स्पष्ट किया गया कि बीएलओ ऐप में जिन मतदाताओं की मैपिंग में विसंगति पाई जा रही है, उनसे आवश्यक दस्तावेज नोटिस अवधि के लिए तैयार रखने की अपील की जा सकती है, लेकिन घर-घर भ्रमण के दौरान गणना प्रपत्र के अलावा कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि मतदाता सूची के सफल पुनरीक्षण के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए की तैनाती आवश्यक है। वर्तमान स्थिति में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 429, भारतीय जनता पार्टी के 475 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं, जबकि बहुजन समाज पार्टी द्वारा अब तक कोई नियुक्ति नहीं की गई है।
