उत्तरकाशी: उत्तरकाशी नेटबॉल एसोसिएशन द्वारा उत्तराखंड नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन के सहयोग से 8 एवं 9 जून को कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में आयोजित प्रथम उत्तराखंड राज्य जूनियर फास्ट5 नेटबॉल चैंपियनशिप का सफल आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए जूनियर खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में बालक वर्ग में उत्तरकाशी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हरिद्वार की टीम उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में ऊधम सिंह नगर की टीम विजेता बनी और देहरादून की टीम ने उपविजेता स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा आयोजन के सफल संचालन में सभी अधिकारियों, निर्णायकों और स्वयंसेवकों का अहम योगदान रहा।
