Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने रचा इतिहास, इलेक्ट्रिक ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ की सफल ट्रायल उड़ान

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के काफलीखान निवासी युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने तकनीकी कौशल और नवाचार की मिसाल पेश करते हुए अपने स्वयं निर्मित सिंगल-सीटर फ्लाइंग व्हीकल ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ की सफल ट्रायल उड़ान भराई। पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावर से संचालित इस फ्लाइंग व्हीकल के सफल परीक्षण को भविष्य की स्वच्छ और सतत परिवहन तकनीक की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित ट्रायल के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में आवश्यक सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए रवि टम्टा ने ‘हैपिडा स्काइनेक्स’ की सफल उड़ान का प्रदर्शन किया।

सीमित संसाधनों में तैयार किए गए इस इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल ने तकनीकी नवाचार को लेकर लोगों में उत्सुकता पैदा की है। इलेक्ट्रिक पावर पर आधारित होने के कारण यह पर्यावरण अनुकूल तकनीक की संभावनाओं को भी सामने लाता है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से रवि टम्टा से बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके प्रयास को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के नवाचार प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। उन्होंने रवि टम्टा को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने रवि टम्टा के नवाचार को जनपद के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और उचित मंच मिलने से नई तकनीकों को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन की ओर से नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

रवि टम्टा की यह उपलब्धि अल्मोड़ा की युवा प्रतिभाओं की तकनीकी क्षमता और नवाचार के प्रति बढ़ती रुचि को भी रेखांकित करती है।

Leave a Comment