उत्तरकाशी: पीएमजीएसवाई पुरोला डिवीजन के अंतर्गत सांकरी–ओसला मोटरमार्ग पर गियागाड़ में जलस्तर बढ़ने से अस्थायी पुलिया बह जाने के कारण प्रभावित हुई आवाजाही को प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था कर सुचारू कर दिया है।
गियागाड़ में नदी का जलस्तर बढ़ने से अस्थायी पुलिया बह गई थी, जिसके चलते ओसला सहित आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभाग को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों पर विभागीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए गियागाड़ में वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार कर आवागमन बहाल कर दिया। इससे ग्रामीणों को नदी पार करने में हो रही परेशानी से राहत मिली है और क्षेत्र में आवाजाही फिर से शुरू हो गई है।
जिला प्रशासन द्वारा गियागाड़ सहित संबंधित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सावधानी बरतें और आवागमन के लिए केवल सुरक्षित एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
