हरिद्वार: हरिद्वार के मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ हमलावर एक युवक को निशाना बनाने के इरादे से पहुंचे थे। इसी दौरान हुई फायरिंग में युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती गोली लगने से घायल हो गई।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर की बताई जा रही है। गोली युवती के बाजू में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, युवती हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ रह रही थी। पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली है कि अंश के खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के पीछे की वजह और फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
