Udayprabhat
uttrakhand

खराब मौसम ने रोका राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा, वर्चुअल संबोधन से किया कार्यकर्ताओं को संबोधित

राहुल गांधी को दो दिवसीय दौरे पर आज उत्तराखंड के पंतनगर पहुंचे थे. खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द हो गया है.

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में प्रस्तावित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दौरा गुरुवार को खराब मौसम की वजह से प्रभावित हो गया। प्रतिकूल मौसम और उड़ान परिस्थितियों के कारण उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और उन्हें बीच रास्ते से पंतनगर लौटना पड़ा। इसके चलते परिवर्तन का शंखनाद जनसभा में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निराशा हाथ लगी।

कार्यक्रम में लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने मंच से घोषणा की कि राहुल गांधी अब जनसभा स्थल पर नहीं पहुंच पाएंगे। इसके बाद राहुल गांधी ने पंतनगर से ही वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन को मजबूत करने, जनता के मुद्दों को उठाने और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से सक्रिय रहने की बात कही।

उन्होंने बढ़ती महंगाई, ईंधन की कीमतों और भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और राज्य में बदलाव जरूरी है।

इस कार्यक्रम को कांग्रेस कुमाऊं क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देख रही थी, लेकिन मौसम की बाधा के चलते अपेक्षित भीड़ और राजनीतिक प्रभाव पूरी तरह हासिल नहीं हो सका। समर्थक निराश होकर लौट गए, हालांकि राहुल गांधी ने जल्द ही अल्मोड़ा आने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment