Udayprabhat
uttrakhand

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक, भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग स्थगित

अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मंगलवार को होटल जलाल पैलेस में हुआ। कार्यक्रम में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक छोलिया वादन और तिलक के साथ अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों का पंजीकरण कर उन्हें प्रशिक्षण सामग्री एवं भाजपा पटका प्रदान किया गया।

प्रथम सत्र का उद्घाटन प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने किया। इस अवसर पर पार्टी इतिहास, अंत्योदय योजनाओं और सुशासन से जुड़ी प्रदर्शनी का भी फीता काटकर शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण सत्र में “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के साथ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष सत्र की शुरुआत हुई। जिलाध्यक्ष महेश नयाल और वर्ग प्रमुख सुरेश भट्ट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन का समाचार प्राप्त होने पर कार्यक्रम को शोक स्वरूप स्थगित कर दिया गया। पूर्व सांसद बलराज पासी ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए उनके योगदान को याद किया। इसके बाद सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रशिक्षण वर्ग का समापन किया गया।

Leave a Comment