रुड़की: रुड़की फायर स्टेशन की ओर से अग्नि सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता अभियान के तहत मदर मारिया पब्लिक स्कूल, टांडा बन्हेड़ा (मंगलौर तहसील, रुड़की) में विशेष मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव ने किया।
इस दौरान फायर टीम ने विद्यालय की छात्राओं और अध्यापिकाओं को आग से बचाव के उपायों, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, तथा एलपीजी सिलेंडर लीक होने से होने वाली आग की घटनाओं की रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही आपातकालीन नंबर 112 के महत्व को भी समझाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग या भूकंप जैसी आपात स्थितियों में घबराने के बजाय सतर्क रहकर सही कदम उठाना जरूरी है। साथ ही छात्राओं को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों और प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।
