Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में भाजपा की जिला कार्यशाला, “मोदी सरकार के 12 वर्ष” पर हुआ मंथन

उत्तरकाशी: भारतीय जनता पार्टी उत्तरकाशी द्वारा “मोदी सरकार के 12 वर्ष—विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान एवं जिला सह प्रभारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन महामंत्री परशुराम जगुड़ी और महावीर नेगी ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने की।

मुख्य वक्ता रमेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और समाज के हर वर्ग तक विकास की किरण पहुंची है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास के कारण नरेंद्र मोदी को नेतृत्व मिला और उन्होंने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में पूर्ण समर्पण के साथ देश सेवा की है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाने, महिला आरक्षण बिल और तीन तलाक जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।

जिला सह प्रभारी विनोद रतुड़ी ने कहा कि मोदी सरकार ने सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव में उत्तरकाशी की तीनों सीटों पर विजय का संकल्प लेने का आह्वान किया तथा 5 जून से 20 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी।

Leave a Comment