देहरादून: पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी से भेंट कर राज्य की विभिन्न कृषि मण्डियों में व्याप्त समस्याओं, अव्यवस्थाओं एवं कथित अनियमितताओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से देहरादून स्थित निरंजनपुर मण्डी सहित अन्य जनपदों की मण्डियों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मण्डी परिसरों में अनियमित निर्माण एवं दुकानों के आवंटन में नियमों की अनदेखी की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कुछ स्थानों पर निर्धारित उपयोग के विपरीत निर्माण कर आवागमन मार्ग संकुचित किए गए हैं, जिससे किसानों और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। साथ ही पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया के बिना आवंटन होने से आर्थिक अनियमितताओं की आशंका भी जताई गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि मण्डियों में सार्वजनिक सुविधाओं जैसे शौचालय, कैंटीन, विश्राम गृह एवं किसान सुविधा केंद्रों को कम कर व्यावसायिक निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे किसानों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। इसके अलावा, आवंटन समितियों से व्यापारी प्रतिनिधियों को हटाए जाने पर पारदर्शिता प्रभावित होने की बात भी रखी गई।
सफाई व्यवस्था के केंद्रीकरण, निष्क्रिय दुकानों के उपयोग में कमी तथा प्रस्तावित स्थानांतरण के बावजूद नए निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी मामलों की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा मण्डी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कुल 10 सूत्रीय मांग पत्र में ई-गवर्नेंस लागू करने, किसानों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और सभी आवंटन प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। कृषि मंत्री ने ज्ञापन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
