देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में पहली बार राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होने जा रही है। सरकार ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कैबिनेट बैठक 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में प्रस्तावित है।
बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट बैठक होने के कारण इसे राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गैरसैंण में विधानसभा सत्र की भी तैयारी
वहीं, उत्तराखंड विधानसभा का अगला सत्र 22 से 24 अक्टूबर के बीच गैरसैंण में आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने सत्र गैरसैंण में कराने को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है।
बताया जा रहा है कि विधानसभा सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित होना है। चुनावी वर्ष को देखते हुए गैरसैंण में सत्र आयोजित किए जाने को पर्वतीय क्षेत्रों पर सरकार के फोकस के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पहले भी देहरादून से बाहर हुईं कैबिनेट बैठकें
उत्तराखंड में इससे पहले भी सरकारें देहरादून से बाहर कैबिनेट बैठकें आयोजित कर चुकी हैं। वर्ष 2010 में रमेश पोखरियाल निशंक सरकार ने गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान हरिद्वार की हर की पौड़ी में कैबिनेट बैठक की थी। वर्ष 2012 में विजय बहुगुणा सरकार ने गैरसैंण में कैबिनेट बैठक आयोजित की थी।
इसके अलावा हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में भी हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकें आयोजित की गई थीं। अब धामी सरकार की कैबिनेट बैठक पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में होने जा रही है।
