देहरादून: देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके आवास पर उनकी ही सरकारी कार्बाइन से एक के बाद एक करीब 11 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, हेड कांस्टेबल सुनील सोमवार को ड्यूटी समाप्त कर अपने रानीपोखरी स्थित घर पहुंचे थे। देर शाम उनके घर से अचानक कई गोलियों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में बरामदे में पड़े मिले।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग सुनील की सरकारी कार्बाइन से होने की आशंका है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई घटना।
पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल के अनुसार, घटना रात के समय की है और फिलहाल गोली चलने के कारणों की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
