उत्तरकाशी: ज्ञानेश कुमार ने अपने उत्तरकाशी भ्रमण के दूसरे दिन विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्य चुनाव आयुक्त प्रातःकाल खरसाली हैलीपेड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मां यमुना के चरणों में पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, नागरिकों के कल्याण और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत ज्ञानेश कुमार ने धाम परिसर का निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
