Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगोत्री-यमुनोत्री में 7.44 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, प्रशासन की व्यवस्थाएं बनी सहारा

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री और  यमुनोत्री धाम में चारधाम यात्रा आस्था, विश्वास और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच निरंतर जारी है। कपाट खुलने के बाद से ही दोनों धामों में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी आमद बनी हुई है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन की ओर से तय किए गए रूट और ट्रैक पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। सोमवार सायं 6:30 बजे तक दोनों धामों में कुल 36,186 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें श्री यमुनोत्री धाम में 18,885 तथा श्री गंगोत्री धाम में 17,301 श्रद्धालु शामिल रहे। इस यात्रा सीजन में अब तक दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 7,44,379 पहुंच चुकी है।

यात्रियों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही को भी प्रशासन द्वारा सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। सोमवार को दोनों धामों के लिए कुल 3,590 वाहनों का सुरक्षित संचालन किया गया, जिनमें 986 बड़े और 2,604 छोटे वाहन शामिल रहे। यमुनोत्री धाम के लिए 1,940 तथा गंगोत्री धाम के लिए 1,650 वाहन रवाना हुए। अब तक यात्रा मार्ग पर कुल 72,440 वाहनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

स्वास्थ्य विभाग भी यात्रियों की सेहत को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को दोनों धामों में कुल 8,829 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 187 यात्रियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यमुनोत्री मार्ग पर 5,868 और गंगोत्री मार्ग पर 2,961 यात्रियों की जांच हुई। अब तक कुल 1,91,926 श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग और 16,601 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है, ताकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रियों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment