Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने हल्द्वानी को दी बड़ी सौगात, नई सिटी बसों का किया शुभारंभ

रामनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों कुमाऊं के दौरे पर हैं। मंगलवार, 14 अक्टूबर को सीएम धामी नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी पहुंचे और शहर में छह नई सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को शहर के विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर, सस्ती और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बस सेवा चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग इसका अधिकतम लाभ उठा सकेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसंख्या संतुलन से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में जनसंख्या पैटर्न की सतर्क निगरानी करें। राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली कनेक्शन और परिवार रजिस्टर जैसे दस्तावेजों के आधार पर अपात्र व्यक्तियों की पहचान की जाए और जो लोग गलत तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सीएम ने पूर्व की कांग्रेस सरकारों की लापरवाही पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के कारण कई जगह जनसंख्या असंतुलन की स्थिति बनी थी। उन्होंने दोहराया कि अब राज्य सरकार पूरी सख्ती से जनसंख्या संतुलन और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करेगी।

Leave a Comment