Udayprabhat
uttrakhand

पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों का सीएमओ ने लिया जायजा

उत्तरकाशी: आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अभियान संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुकरेती को निर्देश दिए कि मानसून को देखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को समय रहते स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

इससे पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शून्य से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

सीएमओ डॉ. रावत ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए इसे और प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त उत्तराखंड और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनसहभागिता और विभागीय समन्वय आवश्यक है।

Leave a Comment