स्वीप कैलेंडर-2026 की समीक्षा बैठक में प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष फोकस, विभागों को दिए प्रभावी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में स्वीप कैलेंडर-2026 के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लबों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए इनके दायित्वों का विस्तार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, मतदाता पंजीकरण, प्रवासी मतदाताओं तक सूचना पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
बैठक में माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, ग्राम्य विकास तथा सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्वीप कैलेंडर के अनुसार निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
