रुड़की: मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रुड़की में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर प्रतिमा से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
मार्च के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के चलते लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि वोट चोरी और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रही है। प्रदर्शन में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न कांग्रेस फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
