Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में प्रभारी मंत्री से सवाल पूछने पहुंचे कांग्रेसी, पुलिस से नोकझोंक के बाद कई नेता हिरासत में

उत्तरकाशी: प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ता जिले की समस्याओं को लेकर मंत्री से सवाल करने कार्यक्रम स्थल पहुंचे। राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के बाहर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गेट पर ही रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जिला योजना से जुड़े मुद्दों को प्रभारी मंत्री के सामने रखने के लिए कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से जिले की समस्याओं पर मंत्री से जवाब मांगना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।

गेट पर रोकने के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया। कांग्रेस नेताओं ने जिला योजना में पारदर्शिता और कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उनका आरोप है कि जिला योजना के कार्यों में कमीशनखोरी को बढ़ावा मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं और इस संबंध में प्रभारी मंत्री से जवाब मांगा जाना था।

पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने जिले की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी, स्कूलों की स्थिति और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने आईटीआई और पॉलीटेक्निक भवनों के निर्माण में देरी का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यक्रमों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी को लेकर वे प्रभारी मंत्री के समक्ष जिले की स्थिति पर जवाब मांगने पहुंचे थे।

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली ले जाया गया। कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Comment