Udayprabhat
uttrakhandदेहरादूनहेल्थ

दून अस्पताल में मरीजों को बड़ी राहत, हर फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू, लंबी कतारों से मिलेगी अब मुक्ति

देहरादून: उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने मरीजों की सुविधा के लिए अहम कदम उठाया है। अब ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने प्रत्येक फ्लोर पर नए रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू कर दिए हैं, जिससे व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुगम हो गई है।

अब तक रजिस्ट्रेशन की सुविधा केवल ओपीडी ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर उपलब्ध थी। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक सैकड़ों मरीज पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगते थे, जिससे काफी समय बर्बाद होता था और मरीजों व उनके तीमारदारों को असुविधा झेलनी पड़ती थी। कई बार भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए मरीजों को इमरजेंसी विभाग तक जाना पड़ता था, जो ओपीडी भवन से अलग और कुछ दूरी पर स्थित है।

अस्पताल प्रशासन ने 11 फरवरी से व्यवस्था में बदलाव करते हुए अलग-अलग फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही आयुष्मान योजना के तहत मरीजों की सुविधा के लिए गेट नंबर 2 और 5 पर संचालित काउंटरों के अतिरिक्त मुख्य रजिस्ट्रेशन क्षेत्र के पास भी नया आयुष्मान काउंटर खोला गया है। इससे ओपीडी से भर्ती होने वाले मरीजों को सड़क पार कर दूसरे गेट तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एन.एस. बिष्ट ने बताया कि यह निर्णय मरीजों की बढ़ती संख्या और जनसंवाद के दौरान मिली शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने से न केवल मरीजों के समय की बचत होगी, बल्कि आपातकालीन विभाग पर अनावश्यक दबाव भी कम होगा। अब गंभीर मरीजों को इमरजेंसी में तेजी से उपचार मिल सकेगा।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। नई व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment