Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: हल्द्वानी में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, युवक-युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या

युवक और युवती के शव हल्द्वानी मंडी परिसर के अंदर मिले हैं, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी: शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंडी परिसर के भीतर एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की हत्या भारी पत्थर से सिर पर वार कर की गई प्रतीत होती है। शवों की स्थिति देखकर घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने पूरे मंडी परिसर को घेराबंदी कर सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों ने सबसे पहले शव देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस बल के साथ पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी गई है और उसकी पहचान जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर की गई है, जो अल्मोड़ा जिले से संबंधित बताया जा रहा है। वहीं युवती की उम्र करीब 21-22 वर्ष होने का अनुमान है, लेकिन उसकी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment