Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हंगामा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हिरासत से बढ़ा सियासी पारा

देहरादून: डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान मंगलवार को माहौल उस समय गरमा गया, जब प्रत्याशियों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और मतदान के लिए पहुंच रहे छात्रों के प्रवेश पत्रों की जांच की गई।

इससे पहले सोमवार देर रात एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं के खिलाफ वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ता रैली के रूप में एसएसपी आवास पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई वापस लेने की मांग की।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि छात्रसंघ चुनाव के बीच एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई से चुनावी माहौल प्रभावित हो सकता है।

कार्रवाई को लेकर लगाए आरोप

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सौरभ सेमवाल ने दावा किया कि एनएसयूआई छात्र नेता विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू भैया के खिलाफ वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की जा रही है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव के दौरान इस तरह की पुलिस कार्रवाई से छात्र नेताओं और उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ी है। वहीं, पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कॉलेज में रही सुरक्षा व्यवस्था

छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर कॉलेज के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। मतदान के लिए आने वाले छात्रों के प्रवेश पत्रों की जांच के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया। चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

Leave a Comment