Udayprabhat
uttrakhand

गंगोत्री हाईवे पर गहरी खाई में गिरा श्रद्धालु, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बचाई जान

उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनेरी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक बुजुर्ग श्रद्धालु रात के समय गहरी खाई में गिरकर घायल हो गया। घटना की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत हरकत में आई।

एसडीआरएफ पोस्ट उजेली से मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने देखा कि घायल व्यक्ति अत्यंत गहरी और दुर्गम खाई में फंसा हुआ है, जहां तक पहुंचना बेहद जोखिम भरा था।

टीम ने सूझबूझ और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए रस्सियों और विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर घायल तक पहुंच बनाई। कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घायल को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। उसकी पहचान तुलसी राम गहलोत (65 वर्ष), निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, साहस और समर्पण के चलते एक कीमती जीवन बचाया जा सका। यह घटना आपदा प्रबंधन में टीम की दक्षता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a Comment