Udayprabhat
uttrakhand

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या 2.5 लाख के पार, प्रशासन ने बढ़ाई सुविधाएं

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के अंतर्गत  यमुनोत्री और गंगोत्री धाम यात्रा का सुगम एवं सुव्यवस्थित संचालन लगातार जारी है। दोनों पावन धामों में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 तक यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 2 लाख 50 हजार 787 पहुंच गई है। बुधवार को दोनों धामों में कुल 19 हजार 507 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें यमुनोत्री धाम में 10 हजार 392 तथा गंगोत्री धाम में 9 हजार 115 यात्री शामिल रहे।

यात्रा के दौरान आज कुल 1941 वाहनों का दोनों धामों की ओर सुरक्षित आवागमन हुआ। इसके साथ ही यात्रा सीजन में अब तक धामों की ओर पहुंचने वाले वाहनों की संख्या बढ़कर 26 हजार 34 हो गई है।

यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों के प्रमुख पड़ावों पर स्थापित स्वास्थ्य केंद्रों में आज 8611 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई, जबकि 620 यात्रियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 86 हजार 895 यात्रियों की स्क्रीनिंग तथा 8753 यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।

प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment