चमोली: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत छात्रा परिषद का गठन किया गया। इस दौरान विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सहसचिव पदों के लिए चुनाव संपन्न कराए गए। छात्राओं ने मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गम्भीर सिंह असवाल ने बताया कि छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र, मतदाता अधिकारों तथा मतदान के महत्व की जानकारी देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। चुनाव प्रक्रिया में नामांकन, प्रचार, मतदान, मतगणना एवं शपथ ग्रहण जैसी सभी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया, जिससे छात्राओं को व्यावहारिक रूप से निर्वाचन प्रणाली को समझने का अवसर मिला।
चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर कक्षा 12 की महक, उपाध्यक्ष पद पर कक्षा 11 की दिया, सचिव पद पर कक्षा 10 की साक्षी तथा सहसचिव पद पर कक्षा 9 की निकिता निर्वाचित हुईं।
निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में ईएलसी प्रभारी विजयालक्ष्मी रावत सहित रेखा पटवाल राणा, पूनम नेगी, अनुराधा राणा, इन्दु आर्य, निशा, विश्वेश्वरी सजवाण एवं सविता राज आदि शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
