Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

चलती यूटिलिटी में लगी आग, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान

कालसी चकराता मोटर मार्ग पर अचानक से ही वाहन के पीछे लदी पराली मे आग लग गई.

विकासनगर। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड़ के समीप पराली से भरी एक चलती यूटिलिटी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार दो युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया।

सूचना मिलते ही सहिया पुलिस चौकी से पुलिस बल और डाकपत्थर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना कालसी प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि वाहन संख्या पर पराली लदी थी। वाहन में सवार संजू पुत्र मुन्ना निवासी मलोग और राहुल पुत्र बज्जू निवासी जिसऊ, थाना कालसी, विकासनगर से पराली भरकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक पीछे की ओर लदी पराली में आग लग गई।

इन दिनों पछुवादून क्षेत्र में धान की कटाई के बाद किसान अपने पशुओं के लिए पराली एकत्र कर रहे हैं। प्रतिदिन कई यूटिलिटी और पिकअप वाहन पराली लेकर ग्रामीण इलाकों की ओर जाते नजर आते हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या घर्षण से उठी चिंगारी माना जा रहा है। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Comment