हरिद्वार: गौरव गोयल द्वारा मालवीय चौक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 11 में बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को कॉपी, किताबें, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, ड्रेस के कपड़े और जूते आदि उपलब्ध कराए गए।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उनके अभिभावक दैनिक मजदूरी पर निर्भर रहते हैं, जिसके कारण कई बार बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को समय-समय पर आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाती रहे, ताकि बच्चे लगन और उत्साह के साथ पढ़ाई कर सकें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और समाज का कर्तव्य है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जब बच्चों के चेहरे पर छोटी-सी मदद से मुस्कान आती है, तो समाज सेवा का उद्देश्य सफल होता दिखाई देता है।
विद्यालय के अध्यापक किशोर जुयाल ने कहा कि सरकार के साथ-साथ समाजसेवी संस्थाएं और जागरूक नागरिक भी बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व मेयर गौरव गोयल द्वारा वर्षों से किए जा रहे इस कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद संजय उर्फ गुड्डू तथा समाजसेवी राजेंद्र त्यागी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गौरव गोयल का योगदान प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में उमा रानी, सुमन रानी, भागीरथी, विकास बंसल, रवि तोमर और नितिन जिंदल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
