Udayprabhat
uttrakhandदेश

Uttarakhand: ‘KBC-17’ की हॉट सीट पर चमकी गढ़वाल की बेटी एंजल नैथानी, हॉट सीट पर बैठने वाली उत्तराखंड की पहली बेटी

देहरादून: उत्तराखंड की नन्हीं प्रतिभा एंजल नैथानी ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC-17) के जूनियर स्पेशल एपिसोड में अपने शानदार ज्ञान और आत्मविश्वास से न केवल ₹12 लाख 50 हजार रुपये जीते, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया। पौड़ी गढ़वाल की मूल निवासी एंजल ने देश के सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो में हॉट सीट पर बैठकर महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब बड़ी सहजता और समझदारी से दिए। शो के दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन को संस्कृत में जन्मदिन की शुभकामनाएं देकर सभी का दिल जीत लिया।

एंजल नैथानी उत्तराखंड की पहली बेटी हैं जिन्हें KBC के जूनियर स्पेशल एपिसोड में हॉट सीट पर बैठने का अवसर मिला। उनकी इस सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत और तैयारी है। एंजल के पिता मुकेश नैथानी ने बताया कि बेटी ने बीते दो वर्षों से इस शो में पहुंचने के लिए निरंतर तैयारी की। उन्होंने सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, क्विज़ प्रारूप और तार्किक प्रश्नों पर गहन अध्ययन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान एंजल को ऑडिशन, लिखित परीक्षा और इंटरव्यू जैसे कई महत्वपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ा। इन सभी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने हॉट सीट तक का सफर तय किया। 3 से 4 अक्टूबर के बीच मुंबई में उनका एपिसोड रिकॉर्ड किया गया।

संस्कृत गीत से जीता दिल:

शो के दौरान एक विशेष पल तब आया जब महानायक अमिताभ बच्चन ने एंजल की मां प्रीति नैथानी से पूछा कि क्या वे कुछ कहना चाहेंगी। इस पर उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने अमिताभ जी के लिए संस्कृत में एक विशेष गीत तैयार किया है। अनुमति मिलते ही एंजल ने पूरे आत्मविश्वास और मधुर स्वर में गीत प्रस्तुत किया। जैसे ही संस्कृत गीत की गूंज स्टूडियो में फैली, पूरा सेट तालियों से गूंज उठा। अमिताभ बच्चन भी उनकी प्रतिभा और संस्कृत के प्रति लगाव से प्रभावित हुए और मुस्कुराते हुए उनकी तारीफ की।

देहरादून में हुआ भव्य स्वागत:

एपिसोड प्रसारण के बाद एंजल देहरादून लौटीं तो उनका स्वागत किसी नायक की तरह किया गया। परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, बधाइयों और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। सभी को इस नन्हीं प्रतिभा की उपलब्धि पर गर्व हुआ। एंजल वर्तमान में देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित एक निजी विद्यालय में छठी कक्षा की छात्रा हैं। वह अपने परिवार के साथ मालदेवता के केसरवाला गांव में रहती हैं। उनके पिता मुकेश कुमार नैथानी उत्तराखंड सचिवालय के राज्य संपत्ति विभाग में मैनेजर पद पर कार्यरत हैं जबकि माता प्रीति नैथानी गृहिणी हैं।

एंजल की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड को गर्व से भर दिया है। उनकी कहानी यह दर्शाती है कि समर्पण, लगन और आत्मविश्वास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। एंजल अब कई बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। उन्होंने साबित किया कि छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभा भी राष्ट्रीय मंच पर चमक सकती है, बशर्ते उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन मिले।

Leave a Comment